एचटी लाइन की चपेट में आने से गोवंश की मौत
मवाना। पलौना गांव के जंगल में एक सप्ताह से एचटी लाइन का तार टूटा पड़ा है। बुधवार को एक गोवंश वहां घूमता हुआ पहुंच गया और करंट की चपेट में आने से गोवंश की मौत हो गई। किसान चौ. रजनीश रोहल ने बताया कि गोवंश की मौत हो जाने के बाद मामले की जानकारी से अवर अभियंता को अवगत कराया गया, लेकिन सूचना देने के बाद भी विद्युत आपूर्ति बंद नहीं कराई गई। किसी तरह किसानों ने डंडे से तार हटाकर गोवंश को वहां से निकाला। विद्युत विभाग की इस लापरवाही से किसानों में रोष है। वहीं अवर अभियंता विनोद कुमार का कहना है कि तार टूटे होने की उन्हें किसी ने जानकारी नहीं दी। बुधवार सुबह जानकारी मिली, जिसके बाद उनके निर्देश पर कर्मचारियों ने वहां पहुंचकर तार जोड़ दिया।