ठंड के साथ बढ़ा प्रदूषण का असर
मोदीपुरम/मेरठ। तापमान बढ़ने के बावजूद सर्दी का असर अभी कम नहीं हुआ है। सर्द हवाओं से धूप भी बेअसर हो रही है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर अभी जारी रहेगा। पहाड़ों पर पिछले एक सप्ताह से रुक रुककर हो रही बर्फबारी के बीच मैदानी क्षेत्रों में ठिठुरन बनी है। दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे चल रहा है। रविवार दोपहर में निकली धूप से कोई ज्यादा राहत नहीं मिली। वहीं, पिछले दो दिनों से शहर में दिन और रात में प्रदूषण का असर बढ़ा है, जिस कारण से मौसम भी बदलता जा रहा है। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 93 व न्यूनतम 67 प्रतिशत दर्ज की गई। एक दिन पहले की अपेक्षा दिन के तापमान में 1.6 डिग्री और रात के तापमान में .2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन. सुभाष का कहना है कि दिन का तापमान सामान्य से 3 डिग्री नीचे तो रात का तापमान सामान्य से 2 डिग्री ऊपर चल रहा है। सोमवार सुबह मध्यम कोहरे के आसार है। 5 और 6 फरवरी को वेस्ट यूपी में बारिश और कुछ स्थानों पर ओले पड़ने के आसार है। अभी ठंड बनी रहेगी।