आज तहसीलों पर धरना-प्रदर्शन करेंगे सपाई
मेरठ। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सोमवार को तीनों तहसीलों पर महंगाई, भ्रष्टाचार, किसानों व छात्रों की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार मेरठ की तीनों तहसीलों मवाना, सरधना और शहर में सपा कार्यकर्ता धरना देंगे। दरअसल, पहले भी सोमवार को ही धरना प्रदर्शन तय किया गया था, लेकिन बाद में सपा केराष्ट्र्रीय अध्यक्ष की तरफ से यह निर्देश आए थे कि 10 सितंबर का धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है और 10 सितंबर को सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और महासचिवों की लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर सुबह 10 बजे होने वाली बैठक में शामिल होना है, लेकिन रविवार को फिर लखनऊ से फरमान आया कि जिलाध्यक्षों की लखनऊ में होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है, लिहाजा पहले से तय कार्यक्रम के तहत धरना दिया जाए। सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया कि सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की तरफ से रविवार को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि विभिन्न समस्याओं को लेकर 18 सितंबर को कलक्ट्रेट पर होने वाला धरना-प्रदर्शन अभी पूर्व कार्यक्रम केतहत ही होगा। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन तहसीलों पर सोमवार को होने वाले प्रदर्शन से अलग है।