18 जून से चलेगा अभियान
मेरठ। देश को 2025 तक टीबी मुक्त करने की घोषणा के तहत वर्ष 2017 के बाद अब वर्ष 2018 का पहला चरण 18 जून से शुरू होगा, जो 28 जून तक चलेगा। दस दिन में विशेष रूप से मलिन बस्तियों को चिह्नित कर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को जिला अस्पताल में एसीएफ नोडल ऑफिसर और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देने साथ डाटा एंट्री के लिए टैबलेट वितरित किए गए। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एमएस फौजदार ने बताया कि इस अभियान में टीबी के रोगियों की घर-घर जाकर पहचान की जाएगी। डॉ. फौजदार ने बताया कि शुक्रवार को जिला अस्पताल के रेडक्रॉस भवन में सभी नोडल अधिकारियों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया गया। इसमें सीएमओ डॉ. राजकुमार भी मौजूद रहे।