मरीज की मौत पर मेडिकल इमरजेंसी में बखेड़ा
मेरठ। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में सोमवार शाम एक मरीज की मौत होने पर हंगामा हो गया। बखेड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
तीमारदारों ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने बाउंसरों को बुलाकर उनकी पिटाई करा दी। एसओ मेडिकल बृजेश सिंह ने बताया कि गजरौला अमरोहा निवासी शारदा देवी (75) को डेंगू की बीमारी थी। परिजनों ने महिला को मेडिकल में भर्ती कराया था, जहां उनकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया तो मेडिकल स्टाफ ने बाउंसरों को बुलाकर उनकी पिटाई करा दी। हालांकि इस मामले में पीड़ित परिवार ने किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी। मेडिकल कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन त्यागी का कहना है कि इमरजेंसी में बाउंसर आए दिन मरीजों के तीमारदारों के साथ मारपीट करते हैं। इसकी कई बार शिकायत की जा चुकी है। अगर इमरजेंसी से बाउंसर नहीं हटाए गए तो निकाय चुनाव के बाद कर्मचारी एसोसिएशन धरना देगी।