मेरठ। जीएसटी लागू होने के बाद लोगों को बिल तो जीएसटी लगा मिल रहा है, लेकिन सामान की कीमतें पुरानी दर पर ही दे रहे हैं। शहर के शॉपिंग मॉल्स और दुकानों पर पैक्ड सामान का अभी भी पुराना स्टॉक बकाया है। दुकानदार अपना पुराना स्टॉक निकाल रहे हैं। बिग बाजार में भी पुराने स्टॉक को निकाला जा रहा है। जीएसटी लागू होने के बाद नए प्रिंट रेट का माल लगभग 10 दिनों में आएगा। जिसमें कीमतें भी जीएसटी के अनुसार बदली हुई होंगी। बाजार में जीएसटी लागू होने से पहले का पैक्ड आयटम होने के कारण दुकानदारों को माल पुरानी कीमतों पर ही बेचना पड़ रहा है। लेकिन बिल जीएसटी लगाकर देना पड़ रहा है। ऐसे में कई दुकानदारों ने तो सामान बेचना ही बंद कर दिया है। क्योंकि इसमें दुकानदार को दोहरा नुकसान उठाना पड़ रहा है। लेकिन कंपनियों से नया माल न आने के कारण बिग बाजार व खुले बाजार में पुरानी दरों पर ही सामान बेचा जा रहा है।