देवलोक में कान्हा की लीलाओं ने मोहा
मेरठ। देवलोक कालोनी में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में सोमवार देर रात तक कान्हा की लीलाओं का मनोहारी मंचन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कान्हा के बचपन से लेकर कंस वध तक की लीलाओं के साथ ही मटकी फोड़ने का दृश्य सबसे रोमांचक रहा। लंबे समय बाद कालोनी में पहली बार कराए गए इस आयोजन में देर रात कई घंटे तक दर्शक जमे रहे। मंचन के दौरान गणेश प्रस्तुति, सदामा कृष्ण मिलन जैसी प्रस्तुतियों ने भावुक भी किया। सुमित राणा और निशा राणा के निर्देशन में किए गए मंचन में राहुल कुमार, राधा, माला, सुमित कुमार, स्वस्ति सहित अन्य कलाकारों ने अपने अभिनय की छाप छोड़ी।