एटीएस ने परखी सिटी स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था
मेरठ। एटीएस ने मंगलवार को सिटी स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था को परखा। तीन सदस्यीय टीम ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और स्टेशन की बाउंड्री आदि को देखा। टीम को यहां लगे दस सीसीटीवी कैमरों में तीन बंद मिले। इस पर टीम ने नाराजगी जताई और खराब कैमरों को तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए। स्टेशन पर लगे कैमरों की मॉनेटरिंग जीआरपी के हवाले है। स्टेशन परिसर से लेकर प्लेटफामों पर लगे इन कैमरों की मदद से अपराध पर नजर रखी जाती है। एटीएस टीम को डीएफएमडी भी पर्याप्त संख्या में नहीं मिले। हालांकि टीम ने स्टेशन के चारों तरफ से खुला होने पर सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर माना। जीआरपी एसओ किशन अवतार ने बताया कि एटीएस टीम सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने आई थी।