हादसे में बुढ़ाना का कार चालक घायल
दोघट (बागपत)। बड़ौत-बुढाना मार्ग पर दाहा बस स्टैंड के पास शनिवार की रात में ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की आमने सामने टक्कर हो गई। इसमें कार चालक गंभीर घायल हो गया। बुढ़ाना निवासी धर्मेंद्र अपनी कार से अपने घर बुढ़ाना जा रहा था। जब वह दाहा के पास पहुंचा तो सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी कार में टक्कर मार दी। इसमें कार चालक धर्मेंद्र पुत्र गिरिराज गंभीर घायल हो गया। कुछ लोगों ने घायल के परिजनों को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। स्थानीय चिकित्सकों की सलाह पर परिजनों ने घायल धर्मेंद्र को मेरठ के आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया। घायल के भाई बिजेंद्र ने दोघट थाने में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ नामजद तहरीर दी।