कार की टक्कर से व्यक्ति की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ/खरखौदा। फतेहपुर जिले के कौशांबी क्षेत्र के जवाई पटरी गांव निवासी मूलचंद (55) पुत्र दयाराम अपने बेटे बसंतलाल के साथ टूरिस्ट बस से घूमने गए थे। बसंतलाल के मुताबिक वह कई स्थानों पर घूमने के बाद टूरिस्ट बस से ही गांव लौट रहे थे। बस रात नौ बजे हापुड़ रोड पर खरखौदा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव स्थित एक ढाबे पर रुकी। मूलचंद सड़क पार कर लघुशंका के लिए जाने लगा। तभी हापुड़ की तरफ से आई एक कार ने मूलचंद को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। वहीं पुलिस ने घायल को सीएचसी भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।