ओवरलोड गाड़ियों के खिलाफ लामबंद हुई ट्रांसपोर्ट यूनियन
दौराला। ओवरलोड गाड़ियों के खिलाफ ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारियों ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को पदाधिकारियों ने अभियान चलाकर हाईवे से गुजरती तीन ओवरलोड गाड़ियों को रोक लिया और मौके पर ही एआरटीओ को बुलाकर चालान करवाए। मोदीपुरम-मेरठ की बिल्डिंग मेटेरियल ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष पंकज त्यागी ने बताया कि कुछ ओवरलोड गाड़ियों के आने से ट्रांसपोर्ट मालिकों को नुकसान हो रहा है। मामले की तमाम शिकायत करने के बाद भी ओवर लोडिंग गाड़ी नहीं रुकने पर उन्होंने यूनियन के अन्य पदाधिकारियों के साथ खुद ही मोर्चा खोल दिया और अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उन्हें हाईवे पर दौराला के पास तीन ओवरलोड वाहनों के खड़े होने की सूचना मिली थी। जिस पर उन्होंने छापामार कर तीनों ओवरलोड वाहनों को पकड़ लिया और सूचना एआरटीओ दिनेश कुमार को दी। सूचना पर पहुंची एआरटीओ ने गाड़ियों का वजन कराते हुए ओवरलोड पाए जाने पर चालान काटा। यूनियन के पदाधिकारियों सुमित पुनिया, संजीव अहलावत, मंजीत चौधरी ने एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों की रोकथाम करने के लिए भी कहा है।