ऑटो व ई रिक्शा चालक तोड़ते हैं ट्रैफिक नियम
मेरठ। डीएन इंटर कॉलेज में मिशिका सोसायटी द्वारा संचालित आदर्श रोड सेफ्टी ऑडिटोरियम व ट्रैफिक पार्क में 65वीं कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई। कहा कि ऑटो व ई-रिक्शा चालक सबसे ज्यादा ट्रैफिक नियम तोड़ते हैं, जिस कारण यातायात व्यवस्था बाधित होती है। संस्था के चेयरमैन अमित नागर और मुख्य प्रशिक्षक सुनील शर्मा ने ट्रैफिक नियमों के बारे में बताया। चालकों से कहा कि ऑटो व ई रिक्शा मुख्य चौराहे से 50 मीटर दूर ही खड़ा करें, ओवर स्पीड वाहन न चलाएं। एआरटीओ दिनेश कुमार ने कहा कि यदि ट्रैफिक नियम न तोड़ें तो चालक ही नहीं ऑटो में बैठने वाले लोग भी सुरक्षित होंगे। मीनाक्षी जैन और ट्रैफिक पुलिस ने भी नियमों की जानकारी दी।