विजेता टीम को किया सम्मानित
मेरठ। बुलंदशहर के शिकारपुर स्थित सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 28 से 31 अगस्त तक खो-खो प्रतियोगिता हुई थी। इसमें पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी शिशु मंदिर इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की 28 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में शास्त्रीनगर के बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग, अंडर-17 में बालक वर्ग, अंडर-19 बालक वर्ग की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका अंडर-17 वर्ग की टीम द्वितीय स्थान पर रही। प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि स्कूल की टीम अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में 13 से 16 सितंबर तक खुर्जा व 22 से 25 अक्टूबर तक राजस्थान में प्रतिभाग करेंगी। सभी विजेताओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कोच संजय सैनी, नीरज सोम व श्वेता चौहान आदि मौजूद रहे।