मेरठ। गंगनहर में कार सहित गिरे परिवार को बचाने वाले साहसी बलराम को राजकीय पुरस्कार से सम्मानित करने की मांग शुरू हो गयी है।
मंगलवार को हर्ष विहार दिल्ली निवासी महेश शर्मा अपनी पत्नी और बेटे के साथ कार से गंगनहर पटरी से जा रहे थे। अचानक कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी थी। इस दौरान वहां से गुजर रहे गांव पाथोली निवासी बलराम सिंह पुत्र कालूराम ने बहादुरी का परिचय देते हुए परिवार को सकुशल बचा लिया था। बलराम की बहादुरी बुधवार को पूरे जनपद में चर्चा का विषय बनी रही। वहीं, इस संबंध में डॉ. कुलदीप उज्ज्वल और समाजसेवी राजन पहलवान ने कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार से मुलाकात की। उन्होंने बलराम सिंह को राजकीय पुरस्कार से सम्मानित कराने की मांग की। कमिश्नर ने मांग पत्र शासन को भेजने का आश्वासन दिया। उधर, सेव इंडिया फाउंडेशन की तरफ से बलराम को बहादुरी के लिए प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।