मेरठ। 14 महीने से लेट चल रही संगम एक्सप्रेस मौसम साफ होने के बाद भी समय की पटरी पर नहीं आ पा रही है। जबकि इसके साथ ही लेट चल रही नौचंदी एक्सप्रेस लगातार समय में सुधार कर यात्रियों को राहत दे रही है। संगम व नौचंदी एक्सप्रेस को राइट टाइम कराने के लिए भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी लगातार मशक्कत कर रहे हैं। दोनों ने रेल अधिकारियोें से लेकर रेल मंत्री तक मिलकर मामले की जानकारी दी है। लेकिन अभी तक नौचंदी एक्सप्रेस में ही सफलता मिलती दिखाई दे रही है। सोमवार को यह ट्रेन आधा घंटा देरी से ही स्टेशन पहुंची। जबकि संगम एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से पहुंची।