मेरठ। डीएन डिग्री कॉलिज के बीएड विभाग में सोमवार को तीन दिवसीय मेडिटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशेषज्ञ द्वारा विद्यार्थियों को सुखमय जीवन गुजारने और तनावमुक्त रखने के लिए ध्यान लगाने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस यादव, कर्नल डालचंद एवं रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर सुनील शुक्ला ने किया। कर्नल डालचंद ने ध्यान लगाने के लिए सर्वप्रथम सुखासन में बैठने, इसके बाद हृदय पर ध्यान लगाने और हृदय एवं मन में एकरूपता लाने का प्रशिक्षण कराया। छात्रों ने अपने अनुभव बताते हुए योग की बारीकियों को विस्तार से जाना। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. अनिता चौधरी व संचालन डॉ. रश्मि शर्मा ने किया। सुशील आत्रेय, डॉ. ममता त्रिपाठी, हरिओम शर्मा, हेमा अग्रवाल, निधि, पायल गुप्ता, अलका रानी, नीरज त्यागी, कुमुद रानी ने सहयोग किया।