मेरठ। एसएसपी आवास स्थित सर्विलांस सेल में तैनात सिपाही प्रकाश कुमार सोमवार को एडीजी मेरठ जोन कार्यालय में डाक लेकर पहुंचा था। लौटते समय अचानक वह ऑफिस के पास ही सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। सिपाहियों ने आनन फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि सिपाही को दिल का दौरा पड़ा था। प्रकाश मूल रूप से बुलंदशहर कोतवाली देहात थानाक्षेत्र के सिखेड़ा गांव का निवासी था। सूचना पर परिजन देर रात मेरठ पहुंच गए थे।