मेरठ। किसानों के हक के लिए सरकार से आरपार की लड़ाई लड़ने के लिए संगठित हुए देश के 132 किसान संगठनों द्वारा आगामी 6 जुलाई को मंदसौर (मध्य प्रदेश) से निकाली जाने वाली किसान यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उत्तर क्षेत्र में अखिल भारतीय किसान समन्वय समिति की अगुवाई कर रहे किसान नेता सरदार वीएम सिंह ने बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है। किसानों को फिर से जगाने और हक के लिए खड़ा करने के लिए आगामी 6 जुलाई से किसान यात्रा मंदसौर से शुरू की जा रही है जो चंपारण में आगामी 2 अक्तूबर को खत्म होगी। यह किसान यात्रा मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से निकलेगी। उनके संगठन राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने यात्रा की तैयारी शुरू कर दी है। किसान हकों के लिए देशभर से इकट्ठा हुए 132 संगठन यात्रा में शामिल होंगे।