विधान परिषद की सदस्यता तक सीमित शिक्षक नेता : चौहान
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) के प्रांतीय मंत्री रजनीश चौहान ने कहा कि माध्यमिक शिक्षक संघों का उद्देश्य शिक्षक हितों की बजाय विधान परिषद की सदस्यता पाना रह गया है। वह रविवार को भूतेश्वर इंटर कॉलेज में आयोजित संगठन की जिला कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ज्यादातर शिक्षक नेता अपने स्वार्थ हल करने में लगे हैं, जिसकी वजह से शिक्षकों की समस्याएं दूर नहीं हो पा रही हैं। उनसे पहले प्रदेशाध्यक्ष नित्यानंद शर्मा ने शिक्षक समस्याओं पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने संगठन पदाधिकारियों को शिक्षकों की समस्याओं को सुनने तथा उनका निस्तारण कराने को कहा। बैठक में राजीव मैत्रेय, रामनरेश शर्मा, ओमपाल सिंह, दीपचंद, गुरेंद्र सिंह, पुन्नालाल, धर्मपाल सिंह आदि मौजूद रहे।