जमीन के विवाद में युवक को गोली मारी
- जानी का मामला, बाइक सवार हमलावर वारदात कर हुआ फरार
अमर उजाला ब्यूरो
जानी/मेरठ। पांचली गांव में जमीन के विवाद में बृहस्पतिवार देर रात एक युवक को गोली मार दी गई।
पुलिस के अनुसार पांचली निवासी मांगेराम के बड़े बेटे दीपक की ससुराल रिठानी में है। बृहस्पतिवार शाम दीपक का छोटा भाई कपिल ससुराल आया था। रात को दीपक का साला मोनू अपने दोस्त पुट्ठा निवासी नवीन को साथ लेकर कपिल को गांव छोड़ने निकला। तीनों कार में थे। पांचली गांव के बाहर तीनों ने कार रोकी और लघुशंका करने लगे। तभी बाइक पर आए तीन युवकों ने उन पर गोली चला दी। एक गोली कपिल को लगी और वह लहूलुहान होकर गिर गया। हमलावर मौके से फरार हो गये। कंट्रोल रूम की सूचना पर जानी इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक ग्रामीण कपिल को अस्पताल ले जा चुके थे। अस्पताल के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि दीपक के साले मोनू का अपने तहेरे भाइयों सोनू, रिंकू और टीटू से जमीन का विवाद चला आ रहा है। मोनू के अनुसार रात को जब वह कपिल को छोड़ने निकला तो यह तीनों हमलावर उनके पीछे लग गये। अंधेरे में उन्होंने उस पर ही गोली चलाई थी, लेकिन वह कपिल को लग गई। परिजनों की ओर से तीनों को नामजद करते हुए तहरीर दी गई है, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।