तीन राशन डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
दौराला। कैली गांव में राशन डीलर द्वारा वितरण में धांधली एवं कालाबाजारी का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर आपूर्ति अधिकारी ने आरोपों की जांच की जिसमें आरोप सही पाए गए पूर्ति निरीक्षक ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कैली गांव में राशन वितरण करने के लिए सरकार द्वारा अब्दुल समद, शफाकत अली व अशोक कुमार को एजेंसी आवंटित की गई थी। बताया कि राशन डीलर ने ग्रामीणों को राशन वितरण में धांधली कर कालाबाजारी की। ग्रामीणों द्वारा शिकायत करने पर आरोपी राशन कार्ड निरस्त करने की धमकी देते थे। जिसके चलते ग्रामीणों ने कुछ दिन पूर्व मामले की शिकायत डीएम व एसडीएम से कर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। डीएम के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक निशा पांडेय को मामले की जांच सौपी गई थी। इसके दौरान ग्रामीणों के आरोप सही पाए गए और आरोपी स्टॉक रजिस्टार भी नहीं दिखा पाए। जांच के उपरांत पूर्ति निरीक्षक ने दौराला थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।