चार माह से खराब स्ट्रीट लाइट, अंधेरे में भरत एनक्लेव के लोग
मवाना। मेरठ रोड स्थित भरत एनक्लेव में स्ट्रीट लाइटें खराब होने से बीते चार माह से रात में अंधेरा पसर जाता है। कालोनी के लोगों का कहना है कि कई बार इस संबंध में नगर पालिका में शिकायत की जा चुकी है। पर समस्या का समाधान करने को कई तैयार नहीं है। मेरठ रोड पर उत्सव मंडप के पीछे भरत एनक्लेव कालोनी निवासी राजीव गिरधरवाल, विजय बंसल, जयंत कुमार, विश्वास रस्तोगी, प्रवेश, संजय, इंद्रजीत, विकास रस्तोगी आदि ने बताया कि नगर पालिका की सीमा में और टैक्स भी अदा करते हैं बताया कि कालोनी में बिजली के 12 खंभे हैं। जिनमें से आधा खंभों पर ही पालिका द्वारा स्ट्रीट लाइट लगवाई है। अब वह भी खराब हैं। बीते चार माह से कालोनी के रास्तों पर रात होते ही अंधेरा पसर जाता है। जिससे लोग रात में रास्ते पर निकलने से बचते हैं। कई बार इस संबंध में पालिका में शिकायत की जा चुकी है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार का कहना है कि जल्द ही स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया जाएगा।