दोस्तों साथ नहाने गया युवक लापता
जानीखुर्द। भोला झाल पर दोस्तों के साथ नहाने आया एक युवक दो दिनों से लापता है। बृहस्पतिवार को इसकी तहरीर जानी थाने में युवक की पत्नी ने दी है।
मोदीपुरम मेरठ निवासी सनी (24) पुत्र लाभ सिंह बुधवार को अपने दो दोस्तों के साथ भोला झाल स्थित गंगनहर में नहाने आया था। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर उसकी तलाश शुरू की। परिजन उसके साथ नहाने तीन दोस्तों के घर मालूम करने गए तो कोई सटीक जवाब नहीं मिला। बृहस्पतिवार सुबह परिजन जानी थाने पहुंचे। उन्होंने भोला झाल से सनी के गायब होने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने भोला झाल पर रहने वाले लोगों से सनी के बारे में पूछताछ की। देर शाम शनि की पत्नी पूजा ने घटना की तहरीर जानी थाने में दी है। तहरीर में किसी अनहोनी की आशंका प्रकट करते हुुए शक उसके साथ नहाने आये दोस्तों पर जताया गया है। जानी थाना प्रभारी बृजेश शर्मा के अनुसार मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर जानकारी जुटाई जा रही है। उसके साथ नहाने गए दोस्तों से भी पूछताछ की जाएगी।