झुलसी किशोरी ने दम तोड़ा, गांव में पुलिस तैनात
दौराला। क्षेत्र गांव में बीती बुधवार देर रात एक युवक ने घर में घुसकर परिजनों संग छत पर सोई दूसरे समुदाय की किशोरी पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी थी। गंभीर रूप से झुलसी किशोरी को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। पीड़ित की मां ने गांव के ही अनुज शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि रविवार को किशोरी की मौत हो जाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं, पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद पुलिस ने पहले पीड़ित को मोदीपुरम के अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां हालत गंभीर हो गई तो उसे दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली में वह तीन दिन से जिदंगी और मौत से जूझ रही थी। रविवार दोपहर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद एसपी सिटी ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है। एसओ रितेश कुमार का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कई जगह दबिश दी है। थाना प्रभारी रितेश कुमार का कहना है कि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया है।