मवाना कस्बे में अंधाधुंध फायरिंग, लोगों में दहशत
मवाना। मोहल्ला तिहाई को जाने वाले मार्ग पर बुधवार दोपहर पांच बाइक नकाबपोश 10 युवकों ने कई राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने आरोपियों को ढूंढने की कोशिश की, पर कुछ पता नहीं चल सका। लगातार हुई फायरिंग से मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पुलिस ने आसपास के दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, पर कुछ पता चल सका। वहीं, नगर पालिका के लगे कैमरे बंद होने से फायर कर आतंक फैलाने वाले युवकों की पता लगाना मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ दिन पूर्व भी युवक मारपीट की घटना को अंजाम दे चुके हैं। लगभग तीन सप्ताह पूर्व फलावदा रोड पर सरेआम फायरिंग कर बस में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाई थी। ऐसा करने वाले युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हो गए थे। लेकिन पुलिस अभी तक उनका भी सुराग नहीं लगा सकी है। स्थानीय व्यापारियों की माने तो पुलिस द्वारा इस प्रकार की घटनाओं को गंभीरता से लेकर रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाने से युवकों को हौसले बुलंद हो चले हैं। एसएसआई नरेंद्र सिंह का कहना कि इस मामले में किसी के द्वारा तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।