विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर महिला के खाते से 5.55 लाख निकाले
मुरादनगर। बीटेक पास महिला से विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर आनॅलाइन 5.55 लाख खाते से निकालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगों ने एप डाउनलोड कराकर महिला का मोबाइल हैक कर रुपए निकाले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामला साइबर सेल को भेजा। धेदा गांव में अश्वनी कुमार अपनी पत्नी आशा के साथ रहते है। दंपति बीटेक पास करने के बाद से दिल्ली मेट्रो यमुना बैंक में स्टेशन कंट्रोल के पद पर तैनात है। अश्वनी कुमार ने बताया कि पत्नी आशा काफी समय से विदेश में नौकरी के लिए विभिन्न साइटों पर अपना पंजीकरण करा चुकी है। बताया कि 15 मार्च को आशा के पास एक साइट के अधिकारी का फोन आया कि विभिन्न देशों में आपके लायक नौकरी है। फोन करने वाले ने अपनी बातों में महिला को उलझा लिया और पहले ऑनलाइन 6 हजार रुपए की ट्रांजेक्शन कराई, इसके बाद 10 हजार रुपए । एक ही दिन में युवक ने अपने खाते में महिला से 1.70 लाख रुपए डलवा लिये। शाम को महिला ने उक्त मोबाइल नंबर पर संपर्क कर अपने रुपए वापस करने की बात कही, रुपए वापस नहीं करने पर महिला ने साइट पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 16 मार्च को दोबारा युवक का फोन आया और उसने कहा कि आप अपनी शिकायत वापस ले ले, हम आपके पैसे लौटा रहे हैं। इसके लिए आपका को अपने मोबाइल पर एक एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद पैसे आपके खाते में पहुंच जाएंगे। महिला द्वारा एप डाउनलोड करते ही मोबाइल हैंग हो गया। इसके बाद महिला के खाते से ऑनलाइन 3.85 लाख रुपए निकल गए। आरोप है कि उनके खाते से दो दिन में 5.55 लाख रुपए निकल गए, बैंक से कोई मैसेज या ओटीपी नहीं आया। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी से पीड़िता ने गुहार लगाई। एसएचओ उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामला साइबर सेल भेजा जायेगा।
----------