एक घंटे बंद रही गन्ना तौल
मेरठ। भावनपुर थाना स्थित गांव छिलौरा गेट के समीप लगे मवाना शुगर मिल के तौल सेंटर पर मंगलवार को गन्ना किसानों ने हंगामा किया। गांव छिलौरा व राली चौहान के किसान अमर जीत सिंह, सुरेश चौधरी, मोनू, मानसिंह चौधरी, पंकज चौहान, फकीर चंद्र, कृष्ण चौधरी, अमित, गोपी चंद्र, वीरपाल, मास्टर अजब सिंह, मास्टर वीर सिंह आदि ने बताया कि गन्ना तौल सेंटर ए पर तौल लिपिक फरमान गन्ना तौल के दौरान घटतौली कर रहा है। जिस पर गन्न किसानो ने घटतौली के खिलाफ जमकर हंगामा करते हुए तौल बंद करा दी। तौल सेंटर पर गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की लंबी कतार लग गई। वहीं सूचना मिलने पर कैन अधिकारी दुष्यंत कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाते हुए मामले को शांत कर तौल शुरू करा दी।