सरधना। नगर पालिका में बुधवार को नेहरू युवा केंद्र द्वारा सात दिवसीय जीवन कौशल शिक्षा प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। जिसमें पहले दिन प्रतिभागियों के पंजीकरण के बाद वक्ताओं ने जीवन शैली एवं आदतों में तेजी से हो रहे बदलाव को लेकर विचार रखे। इस मौके पर कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरपर्सन शबीला बेगम व सुरेश सोम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस दौरान नरेंद्र त्यागी ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षणों के माध्यम से मानसिक व बौद्धिक विकास करना होता है। आशु गुप्ता ने कहा कि प्रशिक्षण में अनेकों विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिसमें जीवन के लक्ष्य को निर्धारित करना, जीवन कौशल के प्रकार, नकारात्मक पीयर प्रेशर, बॉडी मैपिंग, किशोरावस्था में होने वाले बदलाव, समूह चर्चा आदि पर कार्यशाला की जाएगी। इसके लिए 40 प्रतिभागियों का चयन कर इस प्रशिक्षण शिविर में उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। दीपक शर्मा व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश सोम ने भी विचार रखे। रविंद्र कुमार ने प्रतिभागियों का पंजीकरण कराते हुए प्रशिक्षण के उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर फैयाज अहमद, रिहान मलिक, राशिद अली, अमरीश सोम, सपना सोम, इस्तेखार, शुभम गुप्ता आदि मौजूद रहे।