सरुरपुर। कस्बा हर्रा में डीलर पर राशन नहीं देने का आरोप लगाते हुए उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर आपूर्ति विभाग के कई अफसर टीम सहित मौके पर पहुंचे और हंगामे के बीच नगर पंचायत कार्यालय पर मामले की जांच कर शिकायतकर्ताओं को न्याय का भरोसा दिलाया। मामला नगर पंचायत हर्रा से जुड़ा हुआ है यहां लियाकत अली राशन डीलर के कोटे से जुड़े पात्रों समीना, भूरी, जमशैद, सबीला, जाबिर आदि ने बताया कि राशन डीलर अपनी मनमानी करता है। इसे लेकर परेशान पात्रों ने शनिवार को इक्ट्ठा होकर नगर पंचायत कार्यालय पर जाकर दबंग राशन डीलर के खिलाफ लामबंद होते हुए जमकर हंगामा-प्रदर्शन किया। डीलर पर गंभीर आरोप लगाते हुए गरीबों के हिस्से का राशन डकारने का आरोप भी लगाया। शिकायतकर्ताओं के हंगामे की सूचना पर शनिवार को शाम के समय सरधना से एक तीस सदस्यीय जांच दल टीम मौके पर पहुंची जिसमें आशाराम, जितेंद्र कुमार व तारिसा आदि शामिल थे। नगर पंचायत कार्यालय पर हंगामा कर रहे पात्रों को टीम ने शांत करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं तो पीड़ितों ने बताया कि राशन डीलर उन्हें राशन देने के नाम पर बार-बार चक्कर कटवाता है और कई बार फार्म भरने के बाद भी उनक पर्ची तक जारी नहीं करवाता है इससे वे राशन के लिए परेशान रहते हैं। इसे लेकर टीम ने उन्हें भरोसा दिलाकर शांत किया।