खरखौदा। गांव धीरखेड़ा निवासी संजीव त्यागी पुत्र नंदकिशोर निजी व्यवसाय करता है। वह दो दिन पहले बाइक पर सवार होकर गांव कैली जा रहा था। उसकी बाइक हापुड़ रोड पर गांव कैली स्थित बीआर इंटरनेशनल स्कूल के सामने पहुंची तभी पीछे से आई कार ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। कार से उतरे जिला अमरोहा के धनौरा मंडी क्षेत्र के गांव मोहिउद्दीनपुर निवासी अजय पुत्र रक्षपाल समेत तीन युवकों ने उससे मारपीट कर दी। पीड़ित के अनुसार अजय उसके व्यवसाय में पार्टनर था। लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। पीड़ित ने तीनों हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।