प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी किशोरी
दौराला। इंचौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी का दूसरी बिरादरी के युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी किशोरी के परिजनों को लगने पर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने आनन-फानन में किशोरी को दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी में भेज दिया। लेकिन बुधवार देर रात किशोरी ने रिश्तेदारी में से ही फोन पर पुलिस कंट्रोल रुम को खुद को बंधक बनाने और परिजनों से जान का खतरा होने की सूचना दी। जिसके चलते मौके पर पुलिस किशोरी व उसके रिश्तेदारो को थाने ले आई। थाने पर पहुंचे परिजनों ने किशोरी को समझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन किशोरी गांव में अपने प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ गई। घंटों समझाने के बाद किशोरी परिजनों संग जाने को तैयार हुई और परिजनों द्वारा लिखित में देने पर पुलिस ने किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया।