डीएम, एसएसपी से मिले व्यापारी
सरधना। संयुक्त व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष पंकज जैन के नेतृत्व में नगर के व्यापारी व संगठन के पदाधिकारी सोमवार को मेरठ में जाकर डीएम व एसएसपी से मिले। इस दौरान उन्होंने नगर व देहात क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से दोनों अधिकारियों को अवगत कराया और कार्रवाई की मांग की। जिसमें मेरठ-करनाल हाईवे और नानू गंगनहर पुल क्षतिग्रस्त होने, जर्जर सड़क की मरम्मत किए जाने की मांग की। उन्होंने डीएम अनिल ढींगरा को ज्ञापन सौंपते हुए मरम्मत कराने की मांग की। डीएम ने तत्काल संबंधित अधिकारी को मरम्मत के लिए आदेशित किया। इसके अलावा उन्होंने नगर में जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती कराने की मांग की। जिस पर एसएसपी अखिलेश कुमार ने ट्रैफिक विभाग को तैनाती के लिए आदेशित किया। नीरज जैन, संजीव त्यागी, समीर काजी, मुदित गर्ग, सुनील जैन, जय भगवान, सईद कुरैशी, हकीम रईस आदि मौजूद रहे।