बढ़ती महंगाई के विरोध में रालोद ने निकाला जुलूस
- बाइक को पैदल चलाकर तहसील मुख्यालय तक पहुंचे रालोद कार्यकर्ता
- राष्ट्रपति से संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। युवा रालोद कार्यकर्ताओं के द्वारा देश में लगातार बढ़ती जा रही महंगाई और डीजल व पेट्रोल के बढ़ते दामों के विरोध में बाइक जुलूस निकाला। युवा रालोद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बाइकों को लेकर पैदल ही जुलूस में शामिल हुए। युवा राष्ट्रीय लोकदल के मंडल महामंत्री संजय चौधरी के नेतृत्व में पैदल ही बाइकों को लेकर नगर में जुलूस के रूप में तहसील रोड होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे। देश के महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अमित कुमार भारतीय को सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में बढ़ती महंगाई को कंट्रोल करने, डीजल व पेट्रोल पर बढे़ दामों को कम कराने समेत विभिन्न मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की। संजय चौधरी ने कहा कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती तो युवा रालोद सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा। कुलदीप हुड्डा ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं ने एसडीएम अमित कुमार भारतीय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में मनीष मलिक, बबलू पुनिया, कुलदीप हुड्डा, इस्तेकार कुर्बान, शिवम, शुभम, सोनू, संजीव विक्रांत, अंकुर, हरेंद्र प्रधान, अर्जुन, रोहित आदि मौजूद रहे।