मोदीपुरम। एक बार लौटने से पहले मानसूनी बारिश फिर से अपना असर दिखा सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने 22 और 23 को बारिश की संभावना जताई है। मंगलवार को पूरे दिन तेज हवा चलती रही। हवा की गति सुबह पांच किमी तो शाम को चार किमी प्रति घंटा रही। हालांकि तेज धूप के कारण तापमान चढ़ा तो गर्मी के कारण लोगों को परेशानी हुई। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 77 और न्यूनतम आर्द्रता 51 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि 22 सितंबर से बारिश का सिस्टम बन रहा है। जिस कारण से मेरठ समेत वेस्ट यूपी में बारिश होगी और दिन का तापमान फिर से नीचे आएगा। मंगलवार को दिन का तापमान बढ़ गया, जबकि रात के तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।