जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष ने दी सौरभ के परिजनों को बधाई
सरूरपुर। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मनिंदर पाल सिंह ने बुधवार को एशियाड में स्वर्ण पदक विजेता 16 वर्षीय सौरभ चौधरी के परिजनों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। भाजपा नेता मनिंदर पाल सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ सौरभ के निवास गांव कलीना पहुंचे और उनके पिताजी जगमोहन व ग्रामवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सौरभ ने गांव के नाम के साथ-साथ मेरठ व देश का नाम भी रोशन किया है हमारे किसान के बेटे विपरीत परिस्थितियों से गुजर कर भी देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हो जाते हैं। खेल जगत में भी ग्रामीण क्षेत्र से नौजवान अनुकूल वातावरण न होते हुए भी देश का गौरव बनते हैं। मनिंदर पाल सिंह ने कहा दोनों एशियाड अवार्डियों को जिला सहकारी बैंक के सदन में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसे में सरकार को ग्रामीण परिवेश में पल रही प्रतिभाओं को आगे आने के साथ प्रोत्साहन देने चाहिए। खेल दिवस के मौके पर सभी देश-विदेश में क्षेत्र का नाम रोशन करने पर सौरभ के परिजनों को आभार व्यक्त किया। इस दौरान बधाई देने वालों में योगेंद्र कुसैडी पूर्व जिला पंचायत सदस्य, ऋषिपाल सिंह पूर्व पार्षद, बैंक डायरेक्टर नरेश तोमर, रोहित तोमर, राजपाल यादव आदि शामिल रहे।