खेतों में घुसा काली नदी का पानी, सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न
खरखौदा। चार दिन लगातार हुई बारिश के कारण मेरठ शहर सहित कई फैक्टरियों का पानी काली नदी में छोड़ा गया। लेकिन घोसीपुर व जलालपुर पर बने पुल पर कई किलोमीटर कूड़ा जमा हो गया था। जिस कारण काली नदी ओवरफ्लो हो गयी थी। लेकिन बाद में नगर निगम की टीम सूचना पर मौके पर पहुंची और पाइपलेन से पुल पर फंसे कूडे़ को हटाया गया। कूड़ा हटते ही कई हजार क्यूसेक पानी एक साथ काली नदी में बहने लगा तो पानी नदी के बाहर निकलकर खेतों में जा घुसा। पानी गांव अल्लीपुर, आड़, कौल, बधौली, अतराड़ा व रजपुरा के जंगल में भर गया। जिसमें गांव अतराड़ा व गांव रजपुरा में सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई। काली नदी का गंदा पानी खेतों में भरने से धान व दलहन, चारा सहित सभी फसलें गल गयी है। गांव रजपुरा निवासी ग्राम प्रधान रविकांत शर्मा, कैलाश फौजी, ओंकार सिंह, इस्माइल खां, जयपाल प्रजापति, ब्रह्मपाल सिंह, देवेंद्र शर्मा सहित सभी ने बताया कि उनकी करीब 300 बीघा फसल जिसमें मिर्च, सब्जी, व धान की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव रजपुरा में ही करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि काली नदी का गंदा पानी गांव में भी घुस गया है। गांव में गंदा पानी घुसने से बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन को मौके का मुआयना कर नुकसान का आंकलन कराना चाहिए तथा किसानों की आर्थिक मदद भी की जानी चाहिए।
सभी गांवों में टीम भेजकर नुकसान का आंकलन करा लिया जाएगा। नुकसान के अनुसार शासन से आर्थिक मदद की बात की जाएगी।- निशा अनंत एसडीएम सदर