खरखौदा। अंडरपास में हुए जलभराव में फंसी स्कूल बस 48 घंटे बाद रविवार को बाहर निकाल ली गई। यहां से पानी निकालने के लिए शनिवार से ही पंप सेट लगा था।
तीन दिन पहले हापुड़-मेरठ रेलवे ट्रैक पर गांव चांदसारा हाल्ट पर बने अंडरपास में जबरदस्त जलभराव हो गया था। इसका बोरवेल सेट फेल हो गया था। जिस कारण पानी का स्तर धीरे-धीरे बढ़ता गया। जिसमें गांव फफूंडा स्थित एनकेबीआर एकेडमी की 22 बच्चों को लेकर गांव चांदसारा जा रही बस समा गई थी। बस में सवार 22 बच्चों को कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने सकुशल बाहर निकाला था। इस घटना को देेखने पहुंचा गांव चांदसारा निवासी किशोर समीर 10 अंडरपास में गिरकर डूब गया था। शुक्रवार रात्रि में ग्रामीण एवं गोताखोर उसे तलाश रहे थे। उसका शव शनिवार सुबह करीब नौ बजे पानी से बाहर निकाला गया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को खुर्जा-मेरठ रेलवे ट्रैक पर रखकर पैसेंजर को चांदसारा हाल्ट से पहले ही रोक दिया था। इस पर पुलिस-प्रशासन एवं क्षेत्रीय विधायक सत्यवीर त्यागी एवं सोमेंद्र तोमर ने ग्रामीणों की सभी मांगों को मानने का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों ने रेलवे विभाग द्वारा कोई मुकदमा नहीं दर्ज कराने की भी मांग की थी। जिसमें सभी ने आश्वासन दे दिया था। ग्रामीणों ने अंडरपास से पानी को निकलवाने की भी मांग की थी। जिसमें शनिवार को ही पंपिंग सेट लगाकर पानी को बाहर निकालने का कार्य शुरू कर दिया था। जिसमें रविवार देर शाम तक पानी निकालने का कार्य चल रहा था। इसके बाद क्रेन से अंडरपास में फंसी स्कूल बस को बाहर निकाला गया।