मेरठ। भावनपुर के गांव छिलौरा औरंगाबाद संपर्क मार्ग शनिवार को बारिश के कारण जमींदोज हो गया। रविवार को किठौर विधायक सतवीर त्यागी, एसडीएम सदर नीशा आनंद, एडीएमई रामचरण सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दौरा किया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के दोनों ओर होने वाले अवैध खनन के कारण संपर्क मार्ग जमींदोज हो गया है। इसके बाद वहां जेसीबी के माध्यम से दोपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाया गया। इसके अलावा विधायक को औरंगाबाद के ग्राम प्रधान मोहित ने गांव में बरसात के कारण रास्ते टूटे होने और घरों मे पानी घुसने के बारे में बताया। इस पर विधायक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही करीब सौ मीटर के इंटरलॉकिंग रास्ता बनवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान सुशील कांबोज, मोहित मोरना, हरवीर पाल, पंकज गर्ग, राजू त्यागी आदि रहे।