सरूरपुर। थाना क्षेत्र के खिवाई और करनावल के जंगलों में सोमवार रात बदमाशों का गिरोह होने की सूचना पर दर्जनों ग्रामीणों ने रात में उनकी तलाश की। लेकिन बदमाश ग्रामीणों के हत्थे नहीं चढ़े। खिवाई और करनावल के जंगल में स्थित टयूबवेल पर आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों के होने की सूचना गांव में पहुंची। इसके बाद ग्रामीण अपने लाइसेंसी हथियार व लाठी-डंडे लेकर खेतों पर पहुंचे। घंटों तलाश के बाद भी कोई बदमाश नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि अक्सर उनकी नलकूप की मोटर चोरी हो रही हैं। आए दिन बदमाश खेतों पर डेरा डाल लेते हैं। इस कारण ग्रामीण खेतों पर जाने से कतराते हैं। उधर पुलिस ने मामले की सूचना से अनभिज्ञता जताई।