शोभित को श्रेष्ठ तकनीकी विवि का सम्मान
मोदीपुरम। शोभित विवि को एसोसिएटेड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (एसोचैम) द्वारा श्रेष्ठ तकनीकी विवि के सम्मान से सम्मानित किया गया। एसोचैम द्वारा कोलकाता में नई शिक्षा नीति पर राष्ट्रीय गोष्ठी विचार 2018 का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी ने की। गोष्ठी में संपूर्ण भारत से वरिष्ठ शिक्षाविद, कुलपतियों एवं नीति निर्धारकों ने भाग लिया। विचार गोष्ठी में उद्घाटन भाषण देते हुए विवि के कुलाधिपति कुंवर शेार विजेंद्र ने नई शिक्षा नीति में विभिन्न चुनौतियों पर विचार रखते हुए कहा कि आज राष्ट्र को शिक्षा के क्षेत्र में न केवल श्रेष्ठता और अनुसंधान पर विचार करना है बल्कि युवाओं को शिक्षित करने के अवसर प्रदान करने के लिए आवश्यक शिक्षा ढांचे एवं अंतर्राष्ट्रीय मानकों को जानने की भी आवश्यकता है। राज्यपाल द्वारा उत्कृष्ट संस्थानों को सम्मानित किया गया। जिसमें राज्यपाल द्वारा शोभित विवि को श्रेष्ठ तकनीकी विवि के सम्मान से नवाजा। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि भारत वर्ष न केवल शिक्षा और अनुसंधान में विश्व को पूर्व की भांति नया मार्ग दिखाएगा। सर्वश्रेष्ठ मानव संसाधन के स्त्रोत के रुप में अपने को विकसित करें।