मवाना। भाकियू कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने 20 जुलाई तक संपूर्ण गन्ना भुगतान नहीं होने पर मिल पर तालाबंदी की चेतावनी दी। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मवाना तहसील पहुंचे। उन्होंने बताया कि गन्ना किसान का भुगतान नहीं हो पा रहा है। इस कारण किसान परेशान है। उन्होंने 20 जुलाई तक गन्ना भुगतान कराने, बिजली, बैंक, सोसाइटी के बकाया वसूली पर तुरंत रोक लगाने, बकाया भुगतान पर ब्याज देने, बिजली की बढ़ी दरों को तुरंत वापस लेने, सैदीपुर सेठ गांव में कई पुराने मकानों पर दिए गए नोटिस को वापस लिए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव को सौंपा। नजर सैदीपुर, रुप सिंह, राजसिंह, राजू, संजय आदि मौजूद रहे।