खरखौदा। कांग्रेस पार्टी ने खरखौदा कस्बे की सोसायटी परिसर में पोल खोल अभियान में केंद्र सरकार जनविरोधी नीतियों का जमकर बखान किया।
कस्बे की सोसाइटी प्रांगण में शनिवार को कांग्रेस पार्टी की सभा का आयोजन किया। जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरठ कांग्रेस प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि मोदी सरकार ने कालाधन, नोटबंदी, जीएसटी, भूमि अधिग्रहण बिल और आधार कार्ड के नाम पर देश को गुमराह किया है। देश और प्रदेश में बेरोजगारी, हिंसा, महंगाई बढ़ी है। किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है। अध्यक्षता कर रहे कार्यवाहक जिलाध्यक्ष विनोद मोघा ने बताया कि किसानों को फसल का दुगना दाम नहीं मिल पा रहा है। भूमि अधिग्रहण के सभी मामले में लंबित हैं। कांग्रेस नेता अभिमन्यु त्यागी ने बताया कि भाजपा सरकार ने किसानों को गुमराह किया है। शुगर मिलों से किसानों को समय से बकाया नहीं मिल पा रहा है। आलू किसान, सब्जी, दलहन किसान परेशान हैं। बिजली के दाम बढ़ रहे हैं। सरकार ने चालाकी दिखाते हुए खाद के बोरे का दाम न घटाकर वजन घटा दिया है। कार्यक्रम का संचालन हरिओम त्यागी ने किया। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष सत्यवीर त्यागी, सतीश शर्मा, सुरेंद्र ठाकुर, धूम सिंह, अखिल कौशिक, राजू दीवाना, सोनू, इरशाद शैफी समेत कई लोग मौजूद रहे।