मवाना। कस्बे में कई दिन से हो रही अंधाधुंध बिजली कटौती से लोगों का बुरा हाल है। लगातार बढ़ रहे तापमान ने जनमानस को परेशान कर रखा है। वहीं, बिजली कटौती के चलते लोगों को घरों के अंदर भी राहत नहीं मिल पा रही है। दो दिन से तापमान में वृद्धि होने से लोगों का गर्मी से बुरा हाल है। ऐसे में लोग घरों के अंदर कैद होकर एसी एवं पंखे के भरोसे हैं। पिछले कुछ दिन से बिजली की अंधाधुंध कटौती से लोग परेशान हैं। रात में लगभग तीन से चार व दिन में दो से तीन घंटे की कटौती की जा रही है। हालांकि चार घंटे की कटौती पहले से ही निर्धारित है। ऐसे में लोगों के इन्वर्टर भी साथ छोड़ रहे हैं। गर्मी से लोगों को न दिन में राहत है और न ही रात में चैन मिल पा रहा है। एसडीओ मवाना योगेंद्र बजाज का कहना है कि फाल्ट होने पर ही शटडाउन लिया जाता है। उनके यहां से कोई कटौती नहीं है। ट्रांसमिशन से ही कभी-कभी कटौती हो जाती है।