किठौर। कस्बा में शनिवार को परिजनों से बिछड़ी दो वर्षीय मासूम को महिला कांस्टेबल की सजगता के चलते एक घंटे बाद ही परिजनों तक पहुंचा दिया गया।
महिला कांस्टेबल पूजा रानी ने बताया कि वह शनिवार को पुलिस के साथ गश्त पर थी। हापुड़ अड्डा के निकट दो वर्षीय बच्ची को रोते हुए देखा। उसने बच्ची को चुप कराकर परिजनों के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया परंतु बच्ची कुछ नहीं बता सकी। इसके बाद घंटों परिजनों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर कांस्टेबल बच्ची को लेकर थाने आ गई। इसके बाद बच्ची के फोटो विभिन्न व्हाट्स एप ग्रुप पर भेज दी। इसके करीब एक घंटे बाद कस्बा किठौर निवासी जुल्फिकार पुत्र बाबू खान थाने पहुंचा और उसकी पहचान आलिया के रूप में की। बच्ची के सकुशल मिलने पर जुल्फिकार ने महिला कांस्टेबल का आभार जताया।