मोदीपुरम। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, ऐसे में तीन से चार दिन में बारिश की संभावना जताई जा रही है। इस समय दिन और रात का तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है। अभी दो दिन मौसम ऐसे ही बना रहेगा। कुछ स्थानों पर सुबह के समय हलका कोहरा दिख सकता है। जनवरी में भी मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह भी हल्की धुंध के बीच जल्दी मौसम साफ हो गया था। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 88 और न्यूनतम 52 प्रतिशत दर्ज की गई। एक दिन पहले की अपेक्षा दिन के तापमान में .2 डिग्री व रात के तापमान में 5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि 22 से मौसम बदलेगा और आधी रात से बारिश के आसार हैं। जबकि 23 और 24 को वेस्ट यूपी में हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है। इसके बाद ठंड भी बढ़ेगी।