आईटीआई से निकलेंगे फोटोग्राफर, रिपोर्टर और एंकर
मेरठ। आईटीआई में तकनीकी शिक्षा के साथ युवाओं को मीडिया के क्षेत्र में भी पारंगत किया जाएगा। प्रदेश की आईटीआई में जल्द ही नए मीडिया कोर्स प्रारंभ होंगे। इसकी शुरूआत मेरठ साकेत स्थित मॉडल आईटीआई से होगी। बुधवार को उप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने यह घोषणा की। खेल मंत्री एवं व्यावसायिक शिक्षा मंत्री चेतन चौहान बुधवार को मेरठ में आईटीआई का भ्रमण करने आए। यहां उन्होंने छात्रों से वार्तालाप किया। स्मार्ट क्लासेस, वर्कशाप, क्रिकेट मैदान, इलेक्ट्रिशियन लैब देखी। प्रदेश में केवल इस आईटीआई में डेंटिंग पेंटिंग वर्कशाप देखकर वह खुश हुए। उन्होंने कहा युवाओं में रोजगार की रफ्तार बढ़ाने के लिए तकनीकी शिक्षा के साथ प्रयोगात्मक शिक्षा देना जरूरी है। जिससे तेजी से युवाओं को रोजगार मिले। इसलिए कौशल विकास मिशन के तहत मीडिया से जुड़े कोर्स फोटोग्राफी, वीडियो शूटिंग, एनिमेशन, ड्रॉफ्टिंग, वीडियो एडिटिंग, रिकार्डिंग, वॉइस आर्टिस्ट सहित लाइट एंड साउंड से जुड़ी शिक्षा दी जाएगी। इन नए रोजगार परक कोर्सों को जल्द शुरू करना हमारा मकसद है। शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। इससे युवाओं को अधिक रोजगार मिलेंगे। प्रिंसिपल पीपी आत्रे ने बताया कि आईटीआई अब तक 10 हजार युवाओं को प्लेसमेंट दे चुकी है। हाल में हमारा हुंडई से एमओयू हुआ है। जहां सीएसआर के तहत ऑटो इलेक्शन की वर्कशाप बनी है। कुछ नए कोर्स यहां शुरू होने वाले हैं जिन्हें एनसीबीटी ने मान्यता दे दी है। संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण सुशील कुमार, बनी सिंह चौहान व स्टाफ भी मौजूद रहा।
खास बातें:
- आईटीआई में शुरू होेंगे नए मीडिया कोर्स
- मंत्री चेतन चौहान ने की घोषणा