व्यापार संघ चुनाव को लेकर व्यापारी दो फाड़
दौराला। व्यापार संघ दौराला में चुनाव को लेकर व्यापारियों में मतभेद बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को एक पक्ष के व्यापारियों ने बैठक कर अप्रैल माह में चुनाव कराने की घोषणा की। दूसरे पक्ष ने भी पूर्व घोषित 11 जनवरी को ही चुनाव कराने का एलान करा दिया। दौराला व्यापार संघ में अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष पदों के लिए आवेदन वितरित किए गए थे। लेकिन शुक्रवार को दूसरे पक्ष से संरक्षक अमन सिंह ने कस्बा स्थित पवन सुत पैलेस में व्यापारियों की आम सभा बुलाई। जिसमें अध्यक्ष ओंकार सिंह के कार्यकाल को अप्रैल माह तक बढ़ाने और अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में चुनाव कराने का एलान किया। शुक्रवार को चुनाव को लेकर हुए दो एलान से व्यापारियों में रोष है। व्यापार संघ के चुनाव को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद सड़क पर आ गए। दोनों पक्ष अपने वर्चस्व को लेकर मुस्तैद दिखाई दिए। जिसके चलते एक पक्ष द्वारा अप्रैल माह में चुनाव कराने का एलान जैसे ही किया वैसे ही दूसरे पक्ष ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार ग्यारह जनवरी को चुनाव कराने का एलान कर दिया।