मेरठ। कैरेज एंड वैगन अनुभाग में तकनीशियन के पद पर तैनात देवेंद्र शाम करीब छह बजे यार्ड में काम कर रहा था। काम करने के बाद घर लौट रहा देवेंद्र यार्ड से बाहर जा रहे केएम पैसेंजर के इंजन (पावर) की चपेट में आ गया। इससे देवेंद्र के मौके पर ही दोनों पैर कट गए। मामले की सूचना मिलते ही साथी कर्मचारी व आरपीएफ जवान दौड़कर मौके पर पहुंचे और देवेंद्र को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। आईसीयू में भर्ती देवेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है। देवेंद्र को अस्पताल देखने पहुंचे नॉर्दन रेलवे मेंस यूनियन के शाखा सचिव सुभाष शर्मा ने बताया कि इंजन की चपेट में आने से देवेंद्र के साथ हादसा हुआ है।