- एमडी ऑफिस पर धरना देकर लौट रहे कार्यकर्ता से सिवाया टोल पर मांगा था टैक्स
- गुस्साए भाकियू कार्यकर्ताओं ने बूम तोड़कर शुरू कर दिया धरना
- शाम चार बजे से फ्री कराया टोल, पहुंच रहे समर्थक
फोटो....
अमर उजाला ब्यूरो
मोदीपुरम (मेरठ)।
सिवाया टोल प्लाजा पर भाकियू कार्यकर्ता से टोल मांगने पर हंगामा हो गया। मेरठ ऊर्जा भवन पर प्रदर्शन कर लौट रहे कार्यकर्ताओं ने टोल को फ्री कराकर धरना शुरू कर दिया और कर्मचारियों को भगा दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं होगी धरना जारी रहेगा।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ऊर्जा भवन पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से लौटते समय सिवाया टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने मुजफ्फरनगर के एक कार्यकर्ता संजीव से टैक्स मांग लिया। उसने अपने को भाकियू कार्यकर्ता बताया। इस दौरान गाड़ी देर से निकलने पर जाम की स्थिति बन गई। जब टोल कर्मचारी नहीं माने तो संजीव ने राकेश टिकैत को फोन कर सूचना दी। करीब चार बजे सभी कार्यकर्ता और राकेश टिकैत टोल पर पहुंच गए और बूम तोड़कर हंगामा कर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होंगी धरना जारी रहेगा। धरने की सूचना मिलते ही मुजफ्फरनगर, खतौली, दौराला, मेरठ से समर्थक पहुंचने शुरू हो गए। कार्यकर्ता और समर्थक टोल प्लाजा की लाइन पर ही रजाई और गद्दे डालकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान नवाब सिंह अहलावत, उन्नाव प्रधान, ओमकार सिंह, सतेंद्र प्रधान, योगेश कुमार, बिजेंद्र बालियान, संजय चौधरी आदि मौजूद रहे।
नहीं हो रहा नियमों का पालन
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का कहना है कि सभी टोल पर 24 घंटे वापसी की पर्ची दी जाती है, लेकिन यहां पर ऐसा नहीं है। यहां अपने ही नियम से टोल वसूली की जा रही है। टोल कर्मी यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। सर्विस रोड खराब पड़ी है। यदि पर्ची व्यवस्था लागू नहीं की गई तो फिर सोमवार को भाकियू अपनी रेट लिस्ट जारी करेगा। देर रात तक टोल पर धरना जारी था।
धरने से नहीं डरते, टोल पर ही रहेंगे
राकेश टिकैत ने कहा कि पिछली बार 37 दिन धरना चला था। इब चाहे दो या तीन महीने धरना चले, धरने से ना डरते, टोल पर रहेेंगे। यहीं खाएंगे और यही सोएंगे। हम न डरते, जिसे आना हो यहां आकर बात कर लो, इबके जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी धरना खत्म नहीं होगा। टोल कंपनी ने लूट मचा रखी है, इसे तो बंद करना पड़ेगा।
पुलिस कर्मी से नोकझोंक, वापस भेजा
दौराला एसओ सरधना में चल रही मतगणना में लगे हुए थे। हंगामे के बीच एक पुलिस की गाड़ी वहां पहुंची और पुलिस कर्मी ने समर्थकों से यह पूछ लिया कि क्या मांग है, क्यों बैठे है, इस पर समर्थक भड़क गए। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बिना बताए ही वापस भेज दिया।
--------------------
वर्जन.....
मनमानी नहीं करेंगे बर्दाश्त
सिवाया टोल प्लाजा प्रबंधन मनमानी कर रहा है। सभी टोल पर चौबीस घंटे में वापसी की पर्ची मिलती है। टैक्स के नाम पर लूट मचा रखी है। यदि मांगे पूरी नहीं हुई तो भाकियू सोमवार को अपनी रेट लिस्ट जारी कर देगा। मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - राकेश टिकैत, राष्ट्रीय प्रवक्ता भाकियू
नियमानुसार ले रहे टैक्स
टोल प्लाजा पर टैक्स एनएचएआई के नियमानुसार लिया जा रहा है। किसी भी यात्री से कोई बदसलूकी नहीं की जा रही है। चौबीस घंटे की पर्ची के लिए एनएचएआई के जो निर्देश होगा उसके अनुसार ही वसूली की जाएगी। -बृजेश सिंह, टोल मेंटीनेंस मैनेजर