मोदीपुरम। हाईवे पर एक जमीन को लेकर चल रहे विवाद के मामले में एमडीए, तहसील और एनएचएआई की टीम ने सोमवार को पैमाइश की। फेज दो के पास में सुरेंद्र गौड़ की 6740 वर्ग मीटर भूमि है। सुरेंद्र के अनुसार 1800 वर्ग मीटर भूमि एमडीए को दे दी गई थी। बाकी बची 4940 वर्ग मीटर भूमि को एमडीए ने बिना कारण बताए नीलाम कर दिया था। इसके बाद यह मामला कोर्ट जा पहुंचा। सुरेंद्र के अनुसार हाईकोर्ट ने उसके पक्ष फैसला सुनाया था। गौड़ ने दो नवंबर को कमिश्नर से शिकायत कर कहा कि एमडीएम हाईकोर्ट के आदेश के विपरीत उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहता है। साथ ही उन्होंने मामले की निस्तारण की मांग की थी। कमिश्रर के आदेश पर सोमवार को तहसील सरधना, एमडीए और एनएचएआई की टीम ने पंप पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की। यह टीम 15 नवंबर तक रिपोर्ट कमिश्नर को देगी। टीम में एनएचएआई के अशोक सिंह, तहसील के कानूनगो सुरेंद्र, लेखपाल राकेश, सुरेश शर्मा और एमडीए के रविंद्र कुमार, बलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।